महासमुंद। महासमुंद जिले केे पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अरण्ड में एक परिवार के सामाजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पिथौरा थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव में आयोजित बैठक में शामिल नहीं होने पर उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया और ग्रामीणों को उनसे बातचीत तथा लेन-देन नहीं करने के लिए कहा गया।
गौरतलब है कि ग्राम अरंड निवासी दीनबंधु पटेल और उनके चचेरे भाई भोजकुमार पटेल के बीच 10 नवंबर को पारिवारिक विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्ष पिथौरा थाने पहुंचे थे। हालांकि, 11 नवंबर को दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और इसकी लिखित जानकारी भी थाने में दी गई थी। दीनबंधु पटेल ने अपनी शिकायत में गांव के शिवचरण ध्रुव पर पुरानी रंजिश रखने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिवचरण ध्रुव ने पहले भी उनके खिलाफ गांव में दो लाख रुपये का दंड करवाने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के चलते 12 नवंबर को पारिवारिक विवाद को लेकर गांव में बैठक बुलाई गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बैठक में शामिल होने पर उनके साथ मारपीट होने की आशंका थी, इसलिए वे बैठक में नहीं गए। इसके बाद बैठक में उनके खिलाफ गांव में विवाद करने और बैठक में उपस्थित नहीं होने की बात कहते हुए सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया।
निर्णय से पहले नहीं सुना गया उनका पक्ष
दीनबंधु पटेल का कहना है कि इस निर्णय से पहले उनका पक्ष नहीं सुना गया। साथ ही ग्रामीणों को उनके परिवार से बातचीत, मेल जोल और लेन-देन बंद करने के लिए कहा गया है। इससे उनका परिवार परेशान है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, मामले में दूसरा पक्ष जानने के लिए शिवचरण ध्रुव से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
नियमानुसार होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
इस संबंध में पिथौरा थाना प्रभारी आकाश मसीह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
