महासमुंद। आत्महत्या के दो अलग-अलग मामले में महासमुंद और बागबाहरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। योगा और जुंबा डांस टीचर की आत्महत्या मामले में पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि युवक द्वारा शादी करने से इंकार किए जाने के चलते युवती ने आत्महत्या की है। मामले की जांच के बाद आरोपी युवक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मर्ग क्रमांक 172/2026 धारा 194 बीएनएसएस के मृतका वैशाली सिंह पिता स्व. वीरेंद्र सिंह ठाकुर 29 साल की मर्ग जांच के दौरान घटना स्थल निरीक्षण एवं मृतक के परिजन व गवाहों के कथन लिया गया। पुलिस ने बताया कि सूचक चंपलेश सिंह ठाकुर पिता स्व साधुराम ठाकुर 43 साल निवासी वार्ड नं 9 नयापारा थाने में उपस्थित आकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी भांजी वैशाली सिंह ठाकुर आश्रम कॉम्प्लेक्स में योगा क्लास चलाती थी, जो हर रोज भांति 31 अक्टूबर को महासमुंद कॉम्प्लेक्स में योगा क्लास समाप्त होने के बाद सभी को घर जाने के लिए बोली और देरी से घर जाउंगी बोल कर वहीं रूक गई। 1 नवंबर को को दोपहर करीबन 1 बजे वैशाली सिंह के दोस्त हितेश ने बताया कि आश्रम कॉम्प्लेक्स में जिस रूम में योगा सिखाती थी, वहां का दरवाजा अंदर से बंद है। जिस पर दरवाजा को तोड़कर अंदर जाने पर देखा कि उसकी भांजी वैशाली सिह ठाकुर मुंह बल लेटी हुई और उसकी मृत्यु हो चुकी थी एवं पास में कीटनाशक दवाई का डिब्बा पड़ा हुआ था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतका वैशाली सिंह ठाकुर ने हितेश यादव के द्वारा शादी करने से इनकार करने व बार-बार विश्वासघात कर उसे प्रताड़ित करने से तंग आकर जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली। मामले में आरोपी हितेश यादव के विरूद्ध धारा 108 बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
पत्नी बनाकर नहीं रखने पर महिला ने की आत्महत्या
पत्नी बनाकर नहीं रखने पर महिला द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने के मामले की जांच के बाद बागबाहरा थाने में आरोपी के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि 01/11/2026 को थाना प्रभारी द्वारा थाना बागबाहरा के मर्ग क्रमांक 19/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मृतका तामेश्वरी पटेल पिता छेदूराम पटेल 35 वर्ष कस्तूरबोड की मर्ग डायरी अग्रिम जांच के लिए प्राप्त हुई। मर्ग जांच के दौरान मृतका तामेश्वरी पटेल के परिजन पिता छेदू राम पटेल, सूचक भाई महेंद्र पटेल, मां मुंगा बाई पटेल, भाई बहू सावित्री पटेल, ग्रामवासी डूमेश पटेल से पूछताछ की गई।
उन्होंने बताया कि मृतका तामेश्वरी पटेल एवं मनोज यादव दोनों निवासी कस्तूरबोड़ थाना बागबाहरा के बीच लगभग 10 से 11 वर्षों से प्रेम संबंध था, जिस कारण उन्होंने बाहर जाकर मंदिर में शादी कर ली। वहीं मृतका 08 से 09 बार गर्भवती होने से उसे मनोज यादव द्वारा दवाई खिलाकर गर्भपात कराया जाता रहा। जिससे मृतका काफी बीमार हो गई एवं बच्चादानी खराब हो गया। वहीं मृतका को मनोज यादव द्वारा पत्नी बनाकर नहीं रखने से उसने 26/03/2025 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच के बाद बागबाहरा थाने में आरोपी के विरूद्ध धारा 108 बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
