महासमुंद। जिला मुख्यालय महासमुंद से खट्टी, लभरा होते हुए आमाकोनी तक जाने वाली 16.20 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के नवनिर्माण और चौड़ीकरण की मांग तेज हो गई है। स्थानीय कार्यक्रम के दौरान स्वराज सेवा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें समिति ने वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस सड़क कार्य को जल्द वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति देने का आग्रह किया है।
समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश टंडन, उपाध्यक्ष अवधराम साहू, दूजराम साहू, धरम दीवान, होमन प्रसाद दुबे ने बताया है कि यह इस क्षेत्र का एकमात्र मुख्य मार्ग है, जिससे लगभग 20 से 21 ग्राम पंचायतों और 70 से 80 गांवों की बड़ी आबादी जुड़ी हुई है। यह सड़क ग्रामीणों को जिला, ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों के साथ-साथ अंतर्राज्यीय मार्गों से जोड़ती है। प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिलने के कारण बजट में शामिल होने के बावजूद सड़क निर्माण का कार्य रुका हुआ है।
सड़क संकरी, लगातार हो रही दुर्घटनाएं
ग्रामीणों ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि सड़क काफी संकरी है और जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस मार्ग पर दिन-रात वाहनों का आवागमन रहता है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके अलावा, इस रास्ते में कई छोटे-बड़े नदी और नाले पड़ते हैं। बारिश के दिनों में पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। इससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, अस्पताल जाने वाले मरीजों, बुजुर्गों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए वे पहले भी प्रधानमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा चुके हैं।
प्रशासनिक बाधाओं को जल्द दूर करने की मांग
मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने शासन से मांग की है कि सभी प्रशासनिक बाधाओं को जल्द दूर किया जाए और इस महत्वपूर्ण सड़क का नवनिर्माण व चौड़ीकरण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
